सोनौली (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली बॉर्डर के रास्ते चार आतंकियों की घुसपैठ की ख़ुफिया सूचना पर एसएसबी ने सरहद पर हाई अलर्ट करते हुए हथियारों से लैस अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए हैं। यह नेपाल पर हर मूवमेंट पर नजर रख रहे हैं। किसी अनहोनी की आशंका को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही अन्य एजेंसियां भी निगरानी में लगी हुई हैं। बीती रात करीब ग्यारह बजे से सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी ने सुरक्षा जांच में और कड़ाई करते हुए अत्याधुनिक हथियारों से लैस दस अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी है। खुफिया सूत्रों की जानकारी के मुताबिक, सरहद से सटे रुपन्देही जिले के सूर्यपुरा गांव में चार खूंखार आतंकवादी रुक कर भारत में तबाही मचाने के लिए घुसपैठ की योजना बना रहे हैं। खुफिया इनपुट की जानकारी के बाद बीती रात से ही मुख्य गेट समेत हर नाके और पगडंडी पर एसएसबी ने कड़ा पहरा बैठा दिया है। हालांकि एसएसबी अधिकारी इस संबंध में कुछ बताने से इन्कार कर रहे हैं।