कुश्ती के जिला स्तरीय ट्रायल में 13 खिलाड़ियों का चयन
महराजगंज। स्टेडियम के बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल में बुधवार को कुश्ती का जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित हुआ। सब जूनियर बालक वर्ग के ट्रायल में कुल 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिसमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 13 खिलाड़ियों को मंडलीय ट्रायल के लिए चुना गया। वे बृहस्पतिवार को गोरखपुर क्षेत्रीय क्रीड़ांगन में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
स्टेडियम में कुश्ती के प्रशिक्षक धर्मेंद्र यादव की देखरेख में आयोजित जिला स्तरीय ट्रायल में फ्री स्टाइल में 45 किग्रा. भार वर्ग में संजय राय, 48 किग्रा. भार वर्ग में श्यामसुंदर यादव, 51 किग्रा. भार वर्ग में राज यादव, 55 किग्रा. भार वर्ग में राकेश यादव, 60 किग्रा. भार वर्ग में अमित यादव, 65 किग्रा. भार वर्ग में प्रिंस यादव, 71 किग्रा. भार वर्ग में रविचंद यादव, 80 किग्रा. भार वर्ग में अभिषेक यादव व 92किग्रा. भार वर्ग में नितेश यादव का चयन हुआ।
वहीं, ग्रीको स्टाइल कुश्ती के ट्रायल में 48 किग्रा. भार वर्ग में जमीर, 60 किग्रा. भार वर्ग में नीरज पासवान, 65 किग्रा. भार वर्ग में प्रेम मोहन तथा 71 किग्रा. भार वर्ग में निखिल यादव का चयन किया गया। जिला स्तरीय ट्रायल को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में अंशकालिक प्रशिक्षक शिवशरण पाठक व आसिफ इकबाल, ताइक्वांडो के प्रशिक्षक रिजवान अहमद फैजी आदि मौजूद रहे।