पुरानी पेंशन बहाली के लिए शुरू होगा आंदोलन
बैठक में 9 अगस्त को होने वाले धरना-प्रदर्शन की रणनीति बनी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। प्राथमिक शिक्षक संघ व राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में हुई। इसमें पुरानी पेंशन बहाली को लेकर 9 अगस्त को जिले में होने वाले आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली को लेकर संगठन आरपार की लड़ाई लडे़गा। 9 अगस्त से सभी जिले में आंदोलन शुरू होगा। इसके लिए शिक्षक व कर्मचारी तैयार रहें। उन्होंने कहा कि पहले चरण में पुरानी पेंशन की बहाली के लिए धरना-प्रर्दशन किया जाएगा। दूसरे चरण में 29 से 31 अगस्त तक कार्य बहिस्कार किया जाएगा। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो 8 अक्टूबर को लखनऊ में राज्य स्तरीय धरना-प्रर्दशन होगा। बैठक में पुरानी पेंशन बहाली मंच के जिला कमेटी का अध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी और जिला संयोजक श्रीभागवत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मिश्र बनाए गए। इस दौरान राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद संघ के जिलाध्यक्ष श्रीभागवत सिंह, सत्येंद्र कुमार मिश्र, घनश्याम पांडेय, हरिश्चंद्र चौधरी, राघवेंद्र पांडेय, मनौवर अली, राकेश बाल्मिकी आदि मौजूद रहे।