आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भरी हुंकार
महराजगंज। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष छाया भारती ने कहा कि अगर सरकार ने अपने वादे के मुताबिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय नहीं बढ़ाया तो एक बार फिर आंदोलन तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आंगनबाड़ी वर्करों का मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया था। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन किया था। मगर आश्वासन के बाद भी सरकार ने मानदेय नहीं बढ़ाया गया जिससे वर्करों में निराशा व आक्रोश है। जिला संरक्षक राधेश्याम मौर्य ने कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ईमानदारी से अपने केंद्रों का संचालन करें, तथा संगठन को मजबूत बनाएं। आपस में एकजुट रहें। जब संगठन मजबूत होगा तो भ्रष्टाचार के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी जा सकती है। बैठक की अध्यक्षता सदर ब्लॉक की अध्यक्ष राजमति देवी ने की। बैठक में पुष्पा, सत्येंद्र पटेल, सोना, कालिंदी, मीरा, संध्या, ज्ञानमती, ममता, उमेश वर्मा, शोभा यादव, संगीता, परवेज, रिंकी, शकुंतला, पूनम वर्मा, मानसूनी, कमलावती आदि मौजूद रहीं।