नौतनवां। नगर की जनता चौक के समीप मुख्य मार्ग पर स्थित यूनियन बैंक की शाखा में बुधवार की रात नौ बजे अचानक सायरन बजने से हड़कंप मच गया। सायरन की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक के कर्मचारियों को फोन पर इस बात की जानकारी दी। इसके बाद बैंक का एक कर्मचारी बैंक के मेन गेट का ताला खोलकर पुलिसकर्मियों के साथ अंदर गया। उसके बाद सायरन की आवाज बंद हो गई। लगभग आधे घंटे तक सायरन बजने से किसी अनहोनी की आशंका में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि सायरन की स्विच में गड़बड़ी के कारण सायरन अपने आप बजने लगा। जिसे ठीक कर लिया गया है