निचलौल। भारत-नेपाल बॉर्डर पर सोमवार को आबकारी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही नेपाली शराब बरामद की है। मौके से आरोपी फरार हो गया। आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने बताया कि भारत-नेपाल बॉर्डर पर झुलनीपुर बीओपी के एसएसबी के साथ गश्त पर थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नेपाल राष्ट्र से बाइक के जरिए नेपाली शराब की तस्करी कर भारत ला रहा है। उक्त सूचना के बाद घेराबंदी कर बहुआर के पास से एक बाइक पर लदी 12 पेटी नेपाली शराब बरामद कर ली गई। जबकि मौके से आरोपी शराब और बाइक को छोड़ भागने में सफल रहा। बरामद अवैध शराब और बाइक को कब्जे में लेकर फरार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवाद