घुघली। मुख्यमंत्री बनने के बाद बृहस्पतिवार को पहली बार जिले में आये गोरक्षपीठाधीश्वर महंत आदित्यनाथ की एक झलक पाने को लोग आतुर थे। ढोढिला से चैनपुर तक सड़क के दोनों छोर पर बड़ी संख्या में जुटे लोग घंटों सीएम के आने की राह देखते रहे और जैसे ही गुरु गोरक्षनाथ सेंट्रल एकेडमी से योगी का काफिला चैनपुर के लिए निकला, पूरा नगर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। योगी आदित्यनाथ को देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां भी घरों के दरवाजों और छतों पर आ गईं। लोगों में इस बात को लेकर उत्साह था कि कभी उनके सांसद रहे योगी आज सूबे के मुख्यमंत्री हैं। लोगों को सीएम आदित्यनाथ से उम्मीदें भी हैं कि यह उनकी राजनीति कर्मभूमि रही है और योगी ने अपने राजनीति की शुरुआत इसी क्षेत्र से की थी। ऐसे में वह इस क्षेत्र के लिए जरूर कुछ बेहतर करेंगे।