घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए ले जाया गया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महाराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र में शनिवार रात में दो जगहों पर हुई सड़क हादसे में एक मासूम समेत 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद दो घायलों की हालत बिगड़ते देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, निचलौल चौक मार्ग स्थित दमकी गांव के सामने बारातियों से भरी एक बोलेरो टेंट का सामान लदे ट्रैक्टर ट्रॉलीसे टकरा गया।
हादसे में बोलेरो सवार विजय कुमार (32) बेटी रिया (3) और ज्ञांति देवी (24) निवासी भारत खंड पकड़ी थाना कोठीभार, मोहित (18) निवासी बहरौली, खदेरू (50) निवासी सिंदुरिया, सीमा (23) निवासी सिधावे, रामकिशोर (55) निवासी टीकर और सरस्वती देवी (35) निवासी शीतलापुर घायल हो गए। वहीं, हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से भाग निकला। इस हादसे में घायल खदेरू और सरस्वती की हालत बिगड़ते देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
इसी तरह सिसवा मार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार अनिता (22) और शिवानी (25) निवासी बुटवल नेपाल राष्ट्र के साथ ही राहुल गुप्ता (19) निवासी मटरा धमउर घायल हो गए। तीनों को लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर पहुंच सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।