झांसी। बड़ागांव इलाके में प्राथमिक विद्यालय से पढ़कर लौट रही नौ साल की कक्षा चार में पढ़ने वाली बच्ची संग रास्ते में एक युवक ने छेड़छाड़ कर दी। युवक की हरकतों से डरकर बच्ची रोने लगी। यह सुनकर वहां गांव के दूसरे लोग आ गए। गांव वालों को देखकर आरोपी युवक मौके से भाग निकला। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बड़ागांव निवासी बच्ची के पिता गांव मेंं रहकर खेती करते हैं। इसके साथ ही लोडिंग गाड़ी भी चलाते हैं। परिजनों का कहना है कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब बारह बजे उनकी नौ साल की बेटी स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दरम्यान रास्ते में युवक रामजी राजपूत (22) ने उसे रोक लिया था और उसे वहां से उठाकर बगल के खेत में ले गया। बच्ची उसकी हरकत से डरकर रोने लगी। यह सुनकर वहां आसपास के लोग भी जमा हो गए। थोड़ी देर में परिवार के लोग भी पहुंच गए। जब तक आरोपी वहां से भाग निकला। परिवार के लोग बच्ची को लेकर बड़ागांव थाने पहुंचे। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल चेकअप कराया।
इंस्पेक्टर विनय दिवाकर का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 समेत पाॅक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपी युवक की पुलिस तलाश कर रही है।