ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम गोरा में तीन दिन पहले मारपीट में घायल युवक की झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को बृहस्पतिवार रात थाना जखौरा ले गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, जखौरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जखौरा के ग्राम गोरा निवासी अंगद रजक (23) पुत्र छक्कीलाल 18 अक्तूूबर को बाजार से सामान लेने जा रहा था, तभी रास्ते में गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट कर दी, मारपीट में घायल अंगद थाना जखौरा जाकर आरोपी के खिलाफ मारपीट करने के मामले में प्रार्थना पत्र भी दिया और इसके बाद वह घर पहुंचा तो वहां उसने मारपीट की घटना के बारे में परिजनों को बताया। इसके बाद आरोपी पक्ष ने फिर से उसे बुलाया और शराब पिलाकर जमकर पीटा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। 20 अक्तूबर को झांसी में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन उसके शव को लेकर जखौरा थाने पहुंच गए और वहां आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। मामला बढ़ता देख थाना जखौरा पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।