ललितपुर। राजघाट बांध से निकली बेतवा नदी में युवक तैरते समय डूब गया। साथियों ने उसका काफी इंतजार किया, लेकिन जब वह बाहर नहीं निकला तो उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। जानकारी मिलने पर राजघाट चौकी पुलिस ने गोताखोरों से तलाश शुरू करा दी।
मध्य प्रदेश की टीकमगढ़ जिला के ग्राम खरगापुरा निवासी किशोरी पुत्र अड़कुआ कुशवाहा गांव के ही दो साथियों मोहन व गौरीशंकर के साथ बाइक से चंदेरी के आगे करीला मंदिर दर्शनों के लिए जा रहा था। जब वह राजघाट चौकी के मध्य प्रदेश की सीमा को जोड़ने वाले राजघाट बांध से निकली वेतवा नदी के पुल पर पहुंचा तो वह वहां रुककर नदी में तैरने लगा। इस पर साथियों ने मना किया, लेकिन वह नहीं माना और उसने साथियों कहा कि वह नदी पार करके दूसरी ओर पहुंच रहा है। साथियों से आगे चलने की बात कही। इसके बाद वह नदी में कूद गया। जबकि उसके साथी आगे जाकर नदी के दूसरी ओर उसका इंतजार करने लगे। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो साथियों ने शोर मचाया और उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। जानकारी मिलने पर राजघाट चौकी पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी है।