संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में बांस का डंडा आने से दो युवक करंट से झुलस गए। एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम बम्होरी कलां निवासी रामफल अहिरवार (35) और देशराज अहिरवार (27) सोमवार को रोहणी बांध तिराहे पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने रामफल को मृत घोषित कर दिया। देशराज की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रामफल व देशराज डीजे लेकर जा रहे थे। रोहणी बांध तिराहे के पास विद्युत लाइन को बांस से ऊपर करते समय करंट की चपेट में दोनों आ गए और रामफल की मौत हो गई। थाना मड़ावरा प्रभारी निरीक्षक उदयभान गौतम अस्पताल पहुंचे। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार शेख आलम गीर राजस्व टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मृतक के परिजनों से बातचीत की और हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।