ललितपुर के महरौनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पडवां में सोमवार की रात करीब 8.30 बजे एचटी लाइन के तार जोड़ते समय सप्लाई शुरू हो गई, जिससे पोल पर चढ़ा युवक धू-धूकर जलते हुए नीचे गिरा। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने कहा की लाइनमैन के कहने पर वह पोल पर चढ़कर तार जोड़ रहा था। इसी दौरान उसने सप्लाई चालू कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पडवां निवासी नंदलाल उर्फ़ नंदू (23) पुत्र गणेश कुशवाहा गांव से निकली 11 हजार केवी लाइन को ठीक करने के लिए विद्युत पोल पर चढ़ा था। परिजनों के मुताबिक उससे लाइनमैन ने उपकेंद्र से सप्लाई बंद कर टूटी एचटी लाइन को जोड़ने के लिए बोला था। वह दो तार जोड़ चला था और तीसरे तार को जोड़ रहा था, तभी सप्लाई चालू हो गई। जिससे वह पोल पर धू-धूकर जलने लगा। उसे जलता देख मौजूद लोगों की चीख पुकार मच गई। इसी दौरान वह पोल से गिरा और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। लोगों ने आनन-फानन में एम्बुलेंस को बुलाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि सुनवाहा फीडर से ग्राम पडवां को जाने वाली लाइन के तार टूटे हुए थे। जिसे लाइन मैन के कहने पर हमारा लड़का पोल पर चढ़ा था कि जैसे ही दो तार जोड़े लेकिन इतने में ही लाइन चालू कर दी गई। जिससे लड़का करंट से जलकर खत्म हो गया।
ग्राम पडवां में जो घटना घटी है उसकी जांच कराई जाएगी। इसके बाद स्पष्ट होगा कि गांव का युवक किसके कहने पर पोल पर चढ़ा था।
-आरबी सिंह,एसडीओ विद्युत महरौनी।