ललितपुर। बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड के रुपया जमा कर जीजा के साथ जा रहे युवक पर गांव के ही पड़ोस में रहने वाले विपक्षी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शहर के मोहल्ला लक्ष्मीपुरा में पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोरचरी में रखवा दिया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सदर सहित कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घटना की जांच की।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम मैलवारा खुर्द निवासी संतराम (35) पुत्र कनई राय पर गांव के विपक्षी प्रकाश सेन ने मंगलवार की शाम को चाकू से हमला कर दिया। चाकू संतराम के पेट में लगा। जबकि दो चाकू के हमले उसकी पीठ पर किए गए। हमले में संतराम लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गया। घायल संतराम को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर युवक की चाकू के हमले से इलाज के दौरान मौत हो जाने पर अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, सीओ सदर अभय नारायण राय सहित कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों से आवश्यक जानकारी ली। जीजा सोबरन ने बताया कि मंगलवार को वह अपने दोनों साले जगदीश व संतराम के साथ के साथ बैंक में उनके किसान क्रेडिट कार्ड के रुपया जमा करने के लिए शहर आया था। रुपया जमा होने के बाद जगदीश घर के लिए निकल गया था। जबकि वह संतराम के साथ बाइक से सावरकर चौक के पास से लक्ष्मीपुरा की ओर जा रहा था। सड़क पर गड्ढा होने के कारण संतराम बाइक से नीचे उतर गया और पैदल मोबाइल पर बात करते हुए जाने लगा। इसी दौरान सामने से पैदल आ रहे गांव के ही विपक्षी प्रकाश सेन ने अपने साथियों संग मिलकर संतराम पर चाकू से हमला कर दिया। जब तक वह बचाने के लिए दौड़ता हमलावर भाग चुके थे। सोबरन के मुताबिक हमलावरों की संख्या तीन से चार थी। वहीं पुलिस मृतक के जीजा द्वारा बताए गए घटनास्थल पर पहुंचकर वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है। मृतक की पत्नी चार माह की गर्भवती है।
सात माह से सुलग रही थी रंजिश
मृतक संतराम के बड़े भाई जगदीश के मुताबिक करीब 7-8 माह पूर्व संतराम उसके पड़ोस में रहने वाली महिला को भगा ले गया था। जिसके बाद दोनोें वापिस गांव लौट आए थे। जिसके बाद समझौता में तय हुआ था कि संतराम संतराम व उसके परिवार वाले उक्त महिला के पति को एक लाख रुपये देंगे। जिसके बाद संतराम के परिजनों ने एक लाख रुपये दिए थे। साथ में संतराम को उसकी बहन उर्मिला पत्नी सोबरन निवासी मडखेरा टीकमगढ मध्य प्रदेश भेज दिया था। करीब छह माह से संतराम अपनी बहन के यहां ही रह रहा था। जबकि उसकी पत्नी ऊषा व दो बच्चे मैलवारा में ही रह रहे थे। वहीं संतराम के साथ भागने वाली महिला भी ललितपुर में किराए से रहने लगी थी। करीब सात माह से सुलग रही रंजिश में मंगलवार को संतराम की जान चली गई।
गांव में पुलिस तैनात
रंजिश को लेकर पड़ोसी के द्वारा युवक पर चाकू से हमला करने और उसकी इलाज के दोरान मौत हो जाने को लेकर गांव में हड़कंप मचा हुआ है। गांव में शांति बनी रहे। इसके लिए गांव में पुलिस तैनात हो गई है।
ग्राम मैलवारा निवासी संतराम कुछ माह पूर्व गांव के ही प्रकाश की पत्नी को प्रेम प्रसंग में भगा ले गया था। जिसके बाद वापिस लौट आए थे और समझौता हो गया था। संतराम मंगलवार को प्रकाश की पत्नी से मिलने के लिए गया था। यहां दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। जिसमें प्रकाश ने संतराम पर चाकू से हमला कर दिया था। घायल संतराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। - अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक।