संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शनिवार को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता शिवराज सिंह ने सभासद कुंदनपाल के साथ मोहल्ले में भ्रमण किया। घर-घर लोगों से पूछा पानी आया या नहीं। लोगों ने बताया कि इंटरकनेक्शन से लाभ हुआ है। अब कुछ राहत मिली है। कुछ लोगाें ने समस्याएं भी बताईं, जिसके जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।
नगर पालिका के वार्ड 12 में आजादपुरा तृतीय, वार्ड 15 के गांधीनगर प्रथम और वार्ड 17 के सिविल लाइन द्वितीय में हैंडपंप पानी छोड़ देते हैं। नल से भी आपूर्ति बाधित रहती है। बीते दिनों सिविल लाइन द्वितीय में पेयजल संकट को लेकर मोहल्लावासियों ने कलक्ट्रेट चौराहे पर प्रदर्शन किया था। मोहल्ले की सप्लाई नेहरूनगर की लाइन से जोड़ने की मांग की थी। बीते दिनों लेड़ियापुरा की टंकी से नेहरूनगर जाने वाली पानी की लाइन से इंटरकनेक्शन कर दिया गया। इससे तीनों वार्ड की कई गलियों में पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। हालांकि, गांधीनगर की कुछ गलियों में अब भी पानी की समस्या है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग छह हजार की आबादी को पानी मिलने लगा है। इससे टैंकरों के फेरे भी कम हो गए हैं।
-
इंटरकनेक्शन से तीन वार्डों में पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। जल्द ही इसका विस्तार किया जाएगा। इसके बाद भी आपूर्ति बाधित क्षेत्र में टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
- शिवराज सिंह, अधीक्षण अभियंता