ललितपुर। छत पर लोहे का जाल बिछाते समय ऊपर से गुजरे हाईटेंशन लाइन के तार में लोहे का सरिया आ जाने से मजदूर करंट की चपेट में आ गया। जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर के मोहल्ला लेडिंयापुरा निवासी अमन प्रजापति (22) पुत्र गनपत मंगलवार को मोहल्ला पिसनारी बाग में निर्माणाधीन मकान की छत पर लिंटर के लिए सरिया का जाल बिछाने का काम कर रहा था। सरिया बिछाते समय मकान के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में एक सरिया आ गया। जिससे अमन करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह झुलसकर अचेत हो गया। आनन-फानन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में छोटा था और उसके एक पुत्री है।