आकांक्षी ब्लॉक मड़ावरा में योजनाओं का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा (ललितपुर)। नीति आयोग के आकांक्षात्मक विकास खंड में निर्धारित 40 संकेतकों में से छह पर काम पूरा करने के लिए नीति आयोग की सदस्य गार्गी राव ने संपूर्णता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने विकास खंड का निरीक्षण कर अधीनस्थ अफसरों को निर्देश दिए।
विकास की दृष्टि से पिछड़े क्षेत्रों को साधन संपन्न बनाने के लिए नीति आयोग ने प्रदेश के आधा सैकड़ा से अधिक ब्लॉक को आकांक्षात्मक ब्लॉक के रूप में गोद लिया गया है। इसमें जनपद में मड़ावरा विकासखंड शामिल है, जहां स्वास्थ्य, कृषि, बाल विकास एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत छह बिंदुओं को आगामी तीन माह में संपूर्णता अभियान के तहत संतृप्त किया जाना है। इसके तहत आगामी सितंबर माह के अंत तक 50 फीसदी लक्ष्य प्राप्ति करने का आश्वासन सीडीओ केके पांडेय ने दिया। कहा कि 144 आंगनबाड़ी केंद्रों में 1950 गर्भवती महिलाएं पंजीकृत हैं, जिन्हें अनुपूरक पोषाहार वितरित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के प्रसव पूर्व देखभाल के लिए गर्भवती का पंजीकरण और 30 वर्ष से ऊपर के नागरिकों में उच्च रक्तचाप से राहत, मधुमेह सर्वे एवं रोकथाम कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। कृषि विभाग भूमि परीक्षण एवं उन्नतशील खेती के तहत नकदी फसलों की खेती में बढ़ावा, पारंपरिक खेती के अलावा फल, सब्जी एवं अन्य उन्नतशील बीजों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक कर रहा है। ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए उनका सर्वे और चयन कर उन्हें रिवोल्विंग फंड उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, ब्लॉक प्रमुख चंद्रदीप रावत, जिला पंचायत सदस्य वीरसिंह बुंदेला, सीएमओ डॉ. इम्तियाज अहमद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी सौरभ बर्नवाल, खंड शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार रावत आदि मौजूद रहे।
-
फोटो- 41
अनुदेशकों ने उठाई नियमितीकरण की मांग
मड़ावरा पहुंची नीति आयोग की सदस्य गार्गी राव को परिषदीय विद्यालय में तैनात अंशकालिक अनुदेशकों ने ज्ञापन सौंपा और नियमित करने की मांग की। ज्ञापन में अनुदेशकों ने बताया कि वर्ष 2013 से अल्प मानदेय पर तैनात हैं। जबकि, नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा विभाग में संविदा के सभी पद समाप्त कर नियमित शिक्षक रखने की सिफारिश की गई है। अनुदेशकों द्वारा बताया गया कि मात्र 9000 रुपये प्रतिमाह में परिवार का भरण पोषण करना काफी कठिन हो रहा है। नई शिक्षा नीति के तहत अनुदेशकों को नियमित किया जाए। ज्ञापन पर दीपक सोनी, इमरान खान, मानसिंह, श्यामकिशोर सोनी, मुनींद्र, इकलाख अहमद, मोहम्मद जुबैर, प्रकाश राय के हस्ताक्षर हैं।