ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के द्वितीय तल पर स्थित महिला सर्जिकल वार्ड को भूतल पर शिफ्ट कर दिया गया है। वार्ड में गेट, खिड़कियां समेत अन्य मरम्मत कार्य किया जा रहा है। ऐसे में मरीजों को समस्या हो रही थी। धूल के गुबार और गंदगी को लेकर मरीजों को हटा दिया गया है। अब यह वार्ड अस्पताल के भूतल पर हीटवेव वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के पुराने भवन (जिला अस्पताल) की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। इसमें पहले वार्डों को मेडिकल कॉलेज के मानक अनुरूप बनाया जा रहा है। महिला सर्जिकल वार्ड का कार्य शुरू कर दिया गया है। वार्ड में जगह-जगह छत से पानी टपक रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य के चलते मजदूर और तीमारदारों की आवाजाही से वार्डों में मरीजों के पलंग तक कीचड़ और गंदगी पहुंच रही थी। वहीं, शौचालयों के निर्माण होने से समस्या हो रही थी। गंदगी व कचरा से मरीजों को दिक्कत थी। साथ ही धूल के गुबार से परेशान थे। मरीजों की समस्या को लेकर अमर उजाला ने 28 जुलाई को पेज नंबर दो पर वार्डों में धूल का गुबार, छतों से टपक रहा पानी शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आए मेडिकल काॅलेज प्रशासन ने निरीक्षण कर मरीजों की समस्याओं को देखते हुए इस वार्ड को भूतल पर स्थित हीटवेव वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। अब यह वार्ड अस्पताल के द्वितीय गेट के सामने स्थित कक्षों में शिफ्ट हो गया है। नए स्थान पर 21 बेड की व्यवस्था की गई है। मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया गया है। अब मरीजों को धूल के गुबार व संक्रमण से राहत मिल गई है।
महिला सर्जिकल वार्ड में निर्माण कार्य के चलते इसको भूतल पर हीटवेव वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। आवश्यकता अनुसार बेड की संख्या बढ़ा दी जाएगी। - डॉ. डीनाथ, प्राचार्य, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, ललितपुर।