संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महिला मेटों ने कलक्ट्रेट परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने मनरेगा में बीस मजदूरों की बाध्यता हटाते हुए सभी कार्य महिला मेटों से कराने की मांग रखी है।
महिला मेटों ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण योजना कार्मिक संघ के बैनर तले प्रदर्शन किया। जिलाप्रशासन को दिए ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में बीस मजदूरों पर एक महिला मेट लगाए जाने का प्रावधान है, इसकी बाध्यता समाप्त करनी चाहिए। इसके साथ ही पूर्व से चयनित महिला मेट को कार्य दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पुरानी महिला मेटों को कार्य न देकर कुछ प्रधान नई भर्ती कर उन्हें कार्य दे रहे हैं, जबकि वह मौके पर भी नहीं जा रही हैं। साथ जिला स्तरीय मनरेगा निगरानी कमेटी का शीघ्र गठन किया जाए। ज्ञापन पर रीना, सविता, मंजूराजा, क्रांति, ममता, पुष्पा, सीमा व रेखा के हस्ताक्षर बताए गए।