- ससुरालियों ने कहा-अज्ञात कारण से आत्महत्या की, मायके वालों का आरोप-पति ने दूसरी शादी करके परिजनों संग मिलकर कर दी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में महिला का शव घर के अंदर म्यांरी पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ससुरालीजनों का कहना है कि महिला ने अज्ञात कारण से आत्महत्या की है। जबकि, मायके पक्ष ने मृतका के पति द्वारा दूसरी शादी करने और परिजनों संग मिलकर पहली पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया है।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम कोकटा निवासी सविता (30) पत्नी विष्णु घर में म्यांरी पर रस्सी के फंदे पर लटका हुआ मिला। चचिया ससुर जसराम ने बताया कि बुधवार को घर के लोग खेत पर गए थे। जबकि, सविता घर पर अकेली थी। शाम को जब सविता का पुत्र राजप्रताप घर आया, तब इसकी जानकारी मिली। राजप्रताप की सूचना पर परिजन घर आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जसराम ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करने की बात कही है। वहीं, सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ अंतर्गत ग्राम पुनैटा निवासी परिजन भी मौके पर आ गए। चचेरे भाई हरिचरन यादव ने बताया कि करीब 14 वर्ष पहले सविता की शादी हुई थी। चार-पांच दिन पहले सविता के पति ने दूसरी शादी कर ली थी। आरोप लगाया कि इसी कारण से ससुरालीजनों ने सविता की हत्या कर दी। प्रभारी थाना नाराहट अभिषेक सिंह पंवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारण का पता चलेगा।