ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम गुगरवारा निवासी सरोज (38) पत्नी गोविंद दास सोमवार रात को खेत में थ्रेसिंग करवा रही थी। इस दौरान उसकी साड़ी थ्रेसर में फंस गई। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम गुगरवारा निवासी सरोज सोमवार की रात में करीब साढ़े आठ बजे खेत पर गेहूं की फसल की थ्रेसिंग होने के चलते गठ्ठा देने का काम कर रही थी। तभी अचानक उसकी साड़ी थ्रेसर में फंस गई। वह चिल्लाई, लेकिन जब तक उसे कोई बचाता, तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रैक्टर चालक ने थ्रेसर बंद कर दिया। परिजन सरोज को तत्काल उठाकर जिला अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के दो बेटा व दो बेटियां हैं। पति गोविंद दास ने बताया कि पत्नी गांव में अन्य खेतों में भी मजदूरी करती थी।