संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बीते दिनों तेज हवा के साथ बारिश व ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान के आकलन की रिपोर्ट के लिए चार दिन और इंतजार करना होगा। प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर गठित टीम को सात दिन में सर्वे पूर्ण करने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय पर जांच पूर्ण नहीं हो सकी। विभागीय अधिकारियों का कहना है चार दिन में सर्वे पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट जारी हो जाएगी।
एक व दो मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि हुई थी। रबी की फसलाें में दलहन व तिलहन को काफी नुकसान हुआ था। गेहूं की फसल भी खेतों में बिछ गई थी। कई स्थानों पर चना, मटर व मसूर पूरी तरह नष्ट हो गई। कारण, ये फसलें पूरी तरह से पक गई थीं। कुछ क्षेत्रों में कटाई शुरू हो गई थी, लेकिन मौसम के बिगड़े मिजाज से किसानों को भारी नुकसान हुआ।
जिला प्रशासन ने न्याय पंचायत स्तर पर फसलों में नुकसान के सर्वे के लिए टीमें गठित की थीं। टीमों ने सर्वे शुरू कर दिया था। लेकिन जांच में कुछ समय और लगेगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सर्वे पूर्ण होने में लगभग चार दिन का समय और लग जाएगा।
-
ये है सर्वे टीम की स्थिति
तहसील टीमों की संख्या
सदर ललितपुर - 14
तालबेहट - 14
महरौनी - 09
पाली - 07
मड़ावरा - 04
-
फसलों के सर्वे के लिए टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। चार दिन में सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत होगी।
- बसंत कुमार दुबे, उप निदेशक, कृषि