अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। सौंरई गांव के किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर बिजली कनेक्शन काटने की शिकायत की। उन्होंने क्षेत्र में कार्यरत विद्युत संविदाकर्मी पर मनमानी और सुविधा शुल्क की मांग के गंभीर आरोप लगाए। बताया कि बिजली के आभाव में मोटरें नहीं चल पा रहीं जिससे गेहूं की फसल प्रभावित हो रही है। मूंग की बुवाई भी निर्धारित समय से नहीं हो पा रही।
किसानों ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि क्षेत्र में तैनात विद्युत संविदाकर्मी मनमाने रूप से कार्य कर रहा। जिससे किसानों को भारी असुविधा हो रही। किसानों की बिजली बेतरतीब तरीके से काट दी गई जिससे गेहूं की फसल सूखने की कगार पर है तो वहीं कुछ किसानों ने यह भी बताया कि मूंग की फसल बुवाई हेतु सीजन चल रहा। जिसके चलते तमाम किसान अस्थाई कनेक्शन लेने के इच्छुक हैं जिसके लिए वह भुगतान के साथ विभागीय रसीद प्राप्त करना चाहते है और बिभागीय अधिकारी व कर्मियों से दफ्तर पहुंचकर संपर्क किया, किंतु संबंधित जेई व संविदा कर्मी किसानों पर दबाव बना रहे कि रसीद नहीं दी जाएगी, सुबिधा शुल्क के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये जमा कर दो। ऐसे में किसान काफी परेशान चल रहे। उन्होंने जनहित में समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। सौंपे गए शिकायती पत्र पर पुष्पेंद्र, देवेंद्र, घनश्याम, उत्तम, इमरत, हनुमत,राजू, आदि किसानों के हस्ताक्षर हैं।