ललितपुर। शासन की ओर से ट्रॉली व लोडिंग वाहनों में सवारियां ढोने पर प्रतिबंधित लगते ही यातायात विभाग ने पहले दिन भले ही चालान काटकर कार्रवाई की हो, लेकिन दूसरे दिन अभियान बेअसर साबित हो गया। इलाइट चौराहा से बाईपास मार्ग तक ट्रैक्टर - ट्रॉली व अन्य लोडिंग वाहनों मेें खूब सवारियां बैठीं नजर आईं। कई वाहन में लदे उपज व अन्य सामान पर बैठे देखे गए। ऐसे में वाहन के अनियंत्रित होने पर किसी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इससे यातायात पुलिस के अभियान की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कानपुर में हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर - ट्रॉली पलटने से महिला, बच्चे समेत 26 लोगों की मौत होने के बाद शासन ने ट्रैक्टर - ट्रॉली व लोडिंग वाहनों में यात्रियों के बैठाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके खिलाफ अभियान चलाकर जागरूक व कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन करने वाले चालकों से दस हजार रुपये वसूलने का प्रावधान किया गया है। दस दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। लेकिन जिले में अफसरों ने पहले ही दिन ट्रैक्टर - ट्रॉली व अन्य लोडिंग वाहनों में सवारी ढोने वाले वाहनों पर कार्रवाई की, दूसरे दिन अभियान ठंडा पड़ गया। अभियान का असर समाप्त होते ही चालक खुलेआम नियमों को धता बताकर सड़कों पर फर्राटे भरते नजर आए। इनमें कई लोडिंग वाहनों पर सवारियां बैठीं नजर आईं तो कई लोग वाहनों में लदे सामान व अनाज पर बैठकर चलते देखे गए।
सोमवार को बाईपास से मंडी होकर इलाइट चौराहा तक वाहनों का रहा। मंडी में उपज लेकर बिक्रय करने पहुंच रहे ट्रैक्टर - ट्रॉली में अधिक लोग सफर कर रहे थे। ट्रॉली में लगभग एक फीट से अधिक ओवर बोरी लदीं रहीं, इसके ऊपर लोग बैठकर सफर कर रहे थे। ऐसे में वाहन के ब्रेक लगने या बोरी फिसलकर गिरने की स्थिति में सवार लोग भी गिरकर दुर्घटना की चपेट में आने की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। यही नहीं इलाइट की ओर से मंडी जा रही लोडिंग बिना बॉडी के वाहन में लदी बोरियों पर लोग खड़े रहे। इसके अलावा लोग लोडिंग चार पहिया वाहन पर बैठकर खुले आम सफर कर रहे हैं। सफर करने वाले लोगों की संख्या का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वाहन में लदा माल लोगों से नजर तक नहीं आ रहा था।
एक सप्ताह में हो चुकी है छह की मौत
जनपद में ट्रैक्टर - ट्रॉली में सवार छह लोगों की दुर्घटना की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। इसमें कोतवाली तालबेहट अंतर्गत बम्होरीसर से आ रहे ट्रैक्टर - ट्रॉली में मजदूर सवार होकर तालबेहट काटने आ रहे थे, इसी दौरान गलत मार्ग पर चलने से ट्रक ने टक्कर मार दी थी, इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी, अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके अलावा शहर कोतवाली अंतर्गत चौकी बिरधा क्षेत्र में दो लोगों की ट्रैक्टर - ट्रॉली दुर्घटना में मौत हो गई थी। एक के बाद एक दुर्घटना के बाद न तो लोग सबक ले रहे हैं, न ही अधिकारी ध्यान दे रहे हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडिंग वाहन पर यात्रा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। - अभिनेंद्र सिंह, यातायात प्रभारी