रेल अधिकारियों की उपेक्षित नीति और यहां तैनात कर्मचारियों की लचरता के चलते नगर के रेलवे स्टेशन पर आज भी बुनियादी सुविधाओं का काफी अभाव है। इस समय स्टेशन पर सवारियों को पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है। नगर और क्षेत्र की जनता को रेल सुविधा मुहैया कराने के लिए पिछली सरकार में उत्कल और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के साथ साथ झांसी टीकमगढ़ पैसेंजर ट्रेन का जनता को लाभ मिला था। जनता को इस सरकार में पंजाब मेल सहित एक अन्य ट्रेन के स्टापेज की सुविधा मिलने का भरोसा था, परंतु रेल विभाग के अधिकारियों की उपेक्षित नीति और जन प्रतिनिधियों की लचर कार्यप्रणाली के चलते जनता को इस बार किसी भी ट्रेन का स्टोपेंज मिलना तो दूर बुनियादी सुविधाओं तक का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। पहले स्टेशन के समस्त प्लेट फार्मों पर यात्रियों को पीने के पानी की उचित व्यवस्था थी। नल भी 24 घंटे आते थे। कुछ वर्षों से यहां प्लेट फार्म क्रमांक 1 पर आगे की ओर पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। आए दिन मोटर खराब रहती है। इसके अलावा सभी प्लेट फार्मों पर साफ सफाई तथा यात्री सेट का अभाव है। जिससे आधे यात्रियों को खुले में ही ट्रेन के आने का इंतजार करना पड़ता है। कई बार तो रात में ट्रेन के आगे रुकने पर यात्रियों को उतरने में काफी परेशानी होती है । इसके अलावा पटरियों के आसपास पड़ी गिट्टी पर गिर जाते है। ट्रेन से प्रति दिन सफर करने वाले यात्रियों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार रेल विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, परन्तु किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया।