ललितपुर के थाना जखौरा के किसलवास गांव में छह ग्रामीण बेतवा नदी की बाढ़ के बीच टापू पर बने खेत में फांस गए हैं। जानकारी मिलने पर एसडीएम, तहसीलदार व थाना जखौरा पुलिस मौके पर पहुंच गई है और टापू पर पहुंचे ग्रामीणों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को निकालने के लिए स्टीमर मंगवाई गई है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम के सिलवास निवासी तुलाराम, तुलाराम की पत्नी रचना एवं उसका ससुर और इसके अलावा गांव की ही एक अन्य महिला व दो ग्रामीण टापू पर फंसे हैं। पुलिस व प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं गांव के अन्य लोग भी जानकारी पाकर मौके पर जमा हो गए हैं। बताया गया है कि गांव के आगे खेतों के पास एक नाला निकला हुआ है। बीते दो दिनों से हो रही बारिश के चलते यह नाला उफान पर है, जबकि आगे बेतवा नदी निकली है।
रविवार को राजघाट बांध के 16 गेट खुलने से बेतवा नदी में भी बाढ़ आ गई और सभी लोग खेत पर बने टापू पर फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त लोगों खेती होने के चलते वे वहां गए थे। जब वह पानी के बीच फंस गए तो देर शाम को उन्होंने गांव में फोन करके इसकी सूचना दी। प्रधान प्रतिनिधि डॉक्टर शिशुपाल ने बताया टापू पर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास हो रहा है। डीएम आलोक सिंह ने बताया कि अधिकारी गांव पहुंच गए हैं। राजघाट बांध के गेट बंद कराकर स्टीमर से सभी को सुरक्षित निकालने की कोशिश हो रही है।