संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में पेयजल आपूर्ति से छूटी 1.33 लाख की आबादी को राहत मिलने की उम्मीद है। जल निगम ने चार करोड़ रुपये की लागत से पानी की दो टंकी (ओवरहेड टैंक) का निर्माण शुरू करा दिया है। इन टंकियों से एक दर्जन मोहल्लों में लोगों के घरों तक पेयजल आपूर्ति होगी।
नगर पालिका परिषद के लगभग एक दर्जन मोहल्लों में अब तक पेयजल की सुविधा नहीं है। कुछ क्षेत्रों में पाइप लाइन होने के बाद भी आपूर्ति नहीं हो पा रही है। सर्दी व बारिश के मौसम में हैंडपंप से पानी जुटाने में खास दिक्कत नहीं होती, लेकिन गर्मी आते ही जल स्तर गिरने से हैंडपंप पानी छोड़ देते हैं। इससे पेयजल संकट गहरा जाता है। लोगों को दूर से पानी जुटाना पड़ता है। इस समस्या से 23 हजार से अधिक परिवार जूझ रहे हैं। लेकिन, अब जल्द ही 23 हजार परिवारों के करीब 1.33 लाख लोगों को पेयजल सुविधा मिलेगी। जल निगम ने लगभग 143 करोड़ की परियोजना के अंतर्गत काम शुरू कर दिया है। इसी के तहत इलाइट चौराहा स्थित मुक्तिधाम के पास और हाईवे किनारे रावतयाना में टंकियों का निर्माण करीब चार करोड़ रुपये से शुरू करा दिया है। इन टंकियों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन भी डाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2025 तक कार्य पूर्ण हो जाएगा।
-
आधा दर्जन मोहल्लों में वर्षों से नहीं पहुंचा पानी
मोहल्ला रैदासपुरा, विष्णपुरा, पठापुरा, खिरकापुरा, नारायणपुरा, रामनगर, विवेक नगर, लेखपाल कॉलोनी, पिसनारी, हरदीला में पेयजल आपूर्ति वर्षों से ठप पड़ी है। यहां पाइपलाइन तो बिछी है, लेकिन ऊंचाई पर होने से इन मोहल्लों में पानी नहीं पहुंचता। लोग हैंडपंप व टैंकरों के सहारे गर्मी के मौसम में पानी जुटाते हैं। रावतयाना, आरएमवी कॉलोनी, चौकाबाग आदि क्षेत्रों में हैंडपंप से ही पानी जुटा रहे हैं।
अमृत योजना-2 का कार्य शुरू कर दिया गया है। बीते महीनों से पाइपलाइन डाली जा रही थी, अब दोनों टंकियों का निर्माण शुरू कर दिया है। दिसंबर 2025 से सप्लाई शुरू हो जाएगी।
- मुकेश पाल सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम, शहरी इकाई