संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जल जीवन मिशन व स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित होने वाली योजनाओं का भारत सरकार से आई टीम ने 16 ग्राम पंचायतों में हाल जाना। टीम ने परियोजनाओं का भौतिक सत्यापन किया, जहां कमी पाई गई, उन्हें दुरुस्त करने के आदेश दिए।
इंजीनियर कुलदीप बडियाल और डॉ दिनेश चंद, नेशनल वॉश एक्सपर्ट, पेयजल और स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार ललितपुर पहुंचे। उन्होंने विकास खंड बार के 16 गांवों में बानोनी, खिरियामिश्र, छिल्ला, भेलोनीलोध, बुरोगांव, बम्हौरीखडे़त, ठाठखेरा, वस्त्रावन, चंदावली, भावनी, बछरावनी, फडारी, बसतगुवां, बार, भैलोनीसूवा, बरौदाडांग का भ्रमण किया। इस दौरान प्रत्येक ग्राम में ग्राम समूह पेयजल योजना से घर-घर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति को देखा एवं ग्रामीणों से फीडबैक लिया।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत लाभार्थियों के शौचालय का निरीक्षण किया और इसके उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शुद्ध पेयजल और शौचालय की उपलब्धता से अनेकों गंभीर संक्रामक बीमारियों से निजात मिल सकती है। उन्होंने नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई व जल भराव आदि बिंदुओं पर भी निरीक्षण किया। केंद्रीय टीम ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी से मिल कर संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की। टीम के सदस्यों ने बताया कि सरकार पेयजल व स्वच्छता जैसे मुद्दों पर बेहद गंभीर है। इन परियोजनाओं की निगरानी विभिन्न स्तरों पर की जा रही है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा, अधिशासी अभियंता जल निगम अवनीश सिंह उपस्थित रहे।