फांसी लगाकर ग्रामीण ने दी जान
राजघाट में आवासीय कॉलोनी की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत राजघाट में आवासीय कॉलोनी में एक मस्टररोल कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस चौकी राजघाट अंतर्गत ग्राम चमरऊआ निवासी शोभाराम (50) पुत्र गुलाब सिंह राजघाट बांध में मस्टररोल पर काम करता था। रविवार की रात में करीब साढ़े नौ बजे वह अपने कमरे में गया और घर की छत पर पंखे की राड पर तौलिया से फंदे बनाकर फांसी लगा ली। रात में बिजली नहीं आने के कारण उसकी पत्नी दूसरे कमरे में थी। कुछ देर बाद जब वह पति को आवाज लगाते हुए दूसरे कमरे में गई तो शोभाराम फांसी के फंदे तक लटक रहा था, जिस पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया और डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शोभाराम को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया, लेकिन जिला अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के दो पुत्र हैं और वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। तीसरे नंबर के भाई भूपसिंह ने बताया कि उसके सबसे बड़े भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अब दूसरे भाई ने भी फांसी लगा ली, लेकिन फांसी क्यों लगाई। इस बारे में पता नहीं है।