संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्रामीण को जबरन शराब पिलाकर उस पर लाठी-डंडा और सब्बल से हमला कर दिया। बीच बचाव करने पर दोस्त के साथ भी मारपीट की। हमले में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम कुआघोषी निवासी रामदास अहिरवार (40) शुक्रवार को अपने साथी राजेंद्र के साथ महरौनी गया था। रात को दोनों पैदल घर की ओर जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पीछे पहुंचे थे कि रास्ते में गांव का एक व्यक्ति मिला। उसने रामदास को जबरन शराब पिलाई। जब राजेंद्र ने मना किया तो उसके साथ गाली गलौज की गई। शराब के नशे में जब रामदास पूरी तरह डूब गया तो आरोपी ने फोन करके अपने पिता, मां व भाई को बुला लिया। आरोपी लाठी-डंडा व सब्बल लेकर आए और रामदास पर हमला कर दिया। राजेंद्र ने बीच बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की। जब रामदास गंभीर रूप से घायल होकर मरणासन्न हो गया तो हमलावर भाग गए।
परिजन रामदास व राजेंद्र को महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात रामदास की मौत हो गई। मृतक के तीन पुत्री व एक पुत्र है। वह दो बहन-तीन भाई में बड़ा था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था।
पुरानी रंजिश में दिया घटना को अंजाम
मृतक रामदास के चचेरे भाई ऊदल ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व रामदास के बड़े भाई की पत्नी के साथ विपक्षी ने मारपीट कर दी थी। इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी। इसी बात को लेकर विपक्षी रंजिश रखे हुए थे। अब शुक्रवार को विपक्षियों ने रामदास पर हमला करके मार डाला।
पिता-पुत्रों सहित चार पर मुकदमा दर्ज, चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मृतक के चाचा दौलतराम अहिरवार की तहरीर पर बल्ले अहिरवार पुत्र ऊदल, ऊदल पुत्र रामदास, रामा पत्नी ऊदल, परमानंद पुत्र ऊदल निवासी ग्राम कुआघोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
कुआघोषी में दो पक्षों में शराब के नशे में मारपीट हो गई थी। पुलिस ने चोटिल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक