ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत एक गांव में चेकडैम की पट्टी से नाला पार करते समय एक ग्रामीण नाले में बह गया और उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई।
ग्राम रघुनाथपुरा निवासी दयाराम (50 वर्ष) पुत्र खूबे ने बृहस्पतिवार को सुबह लगभग सात बजे खेत पर फसल देखने के लिए जा रहा था लेकिन रास्ते में बरुआ नाला पड़ता है, जो बीते दिवस रात्रि तक बारिश होने के कारण उफान पर था। नाले पर ही चेकडैम बना है, जिसकी पट्टी पर चढ़कर दयाराम नाला पार करने लगा, अभी वह चेकडैम की पट्टी पर कुछ ही आगे बढ़ा कि उसका पैर फिसल गया और वह उफनाते नाले में गिर कर बहने लगा। यह देख आसपास के ग्रामीणों ने बह रहे दयाराम को बचाने का प्रयास किया और कुछ अच्छी तैराकी वाले ग्रामीणों ने नाले में कूदकर उसे बाहर निकाला लेकिन नाले में बहने के कारण दयाराम बेसुध हो गया, जिस पर ग्रामीण उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।