ललितपुर। नवीन गल्ला मंडी में एक के बाद एक कारनामे सामने आ रहे हैं। यहां पर बीते दिनों मंडी के कनेक्शन से निजी घर रोशन करने का मामला सामने आया था। अब एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें मंडी परिसर में मुख्य गेट के पास एक कर्मी खुलेआम वाहन की निकासी करा रहे हैं। वीडियों में बिना जांच किए वाहनों की निकासी करने की बात कही जा रही है। मामले में अधिकारियों ने मंडी सचिव से जवाब मांगा है। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जिला मुख्यालय स्थित नवीन गल्ला मंडी में अव्यवस्थाओं का हाल किसी से छिपा नहीं हैं। यहां पर किसान विश्राम गृह में ताला लटका हुआ है तो सार्वजनिक सुलभ शौचालय भी बंद व गंदे पड़े हुए हैं। परिसर में साफ-सफाई व्यवस्थाएं ठीक नहीं है। वहीं मंडी कर्मचारी भी विभाग को चपत लगाने से भी नहीं चूक रहे हैं। यहां पर बीते दिनों मंडी के कनेक्शन से निजी घरों को रोशन करने का मामला आया था। इसमें मंडी के ही एक अधिकारी ने भवन स्वामियों द्वारा केबल डालने का हवाला देकर बचाव कर लिया था।
अब एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें एक व्यक्ति मुख्य गेट से निकल रही गाड़ी को बिना जांच के जाने की बात कह रहा है। इस पर मंडी के गार्ड कह रहे हैं कि गाड़ी के मामले में उन्हें कोई पता नहीं है। गेट पर जाकर पता कीजिए। वीडियो में व्यक्ति बता रहा है कि यह जो गाड़ी वापस हो रही है, वह बिना जांच रात में निकाली जाएगी। एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति मंडी के एक कर्मी को जेब से कुछ निकाल कर दे रहा है। मंडी कर्मी व्यक्ति से लेकर इधर-उधर देखकर अंदर चला जाता है। इसके बाद रोके गए वाहन को निकाला जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार प्रतिदिन रात्रि में बिना मंडी शुल्क के वाहनों की निकासी कराई जा रही है। यह वाहन उपज लेकर मिलों को जा रहे हैं, जो बिना बिल लिए और बिना मंडी शुल्क के निकासी करा रहे हैं। इससे विभागीय राजस्व को चपत लग रही है।
----
वीडियो वायरल होने पर मंडी सचिव से जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।- गुलशन कुमार, अपर जिलाधिकारी/ सभापति गल्ला मंडी