तालबेहट (ललितपुर)। तहसील में कार्यरत एक लेखपाल का किसान से रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने से राजस्व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
तहसील में राजस्व कर्मचारियों से किसानों को काम कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को खसरा, भूमि प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रपत्रों में रिपोर्ट लगवाने के नाम पर मनमाने दाम देने के बाद भी बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे है। जिससे किसान परेशान हैं। एक किसान ने तहसील के अंतर्गत ग्राम असऊपुरा में पदस्थ एक लेखपाल का रिश्वत लेने का वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल करवा दिया। यह वीडियो रविवार होने के बावजूद राजस्व कर्मचारियों में पूरे दिन चर्चा का विषय रहा। इसे लेकर तहसीलदार तालबेहट अखिलेश कुमार गुप्ता का कहना है कि वीडियो की जानकारी कर उसकी जांच करवाते हैं। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई अवश्य की जाएगी।
किसान से पानी की बोतलें मंगवाई थीं। बोतल खरीदने के बाद जो पैसे बचे थे, वह ले रहा था। मैंने किसान से कोई रिश्वत नहीं ली है।
आकाश अग्रवाल, आरोपी लेखपाल, असऊपुरा