तालबेहट। माताटीला बांध पर सुरक्षा के लिए तैनात जवानों पर वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से पैसा मांगने का वीडियो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस संबंध में एक पीड़ित ने जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करते हुए आरोपी पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बताते चले कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर माताटीला बांध बना है। जिसकी सुरक्षा के लिए बांध के एक ओर उत्तर प्रदेश और दूसरी ओर मध्य प्रदेश की पुलिस चौकी बनी है। वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों पर बांध की सुरक्षा का जिम्मा है। लेकिन वह लोग वहां से गुजरने वाले दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों से पैसा वसूलते है। इससे आए दिन विवाद होता है। इस संबंध में एक युवक ने पैसा बसूलने का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जिसमें एक प्राइवेट आदमी पुलिस के नाम पर पैसा लेता नजर आ रहा है।
इस संबंध में एक युवक ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायती पत्र भेज कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने अवगत कराया है कि 26 मार्च को जब वह अपनी रिस्तेदारी में मध्य प्रदेश के एक गांव में जा रहा था तब माताटीला पुलिस चौकी पर एक युवक ने रोक कर उससे पैसा लिया। जब उसने पैसा देने से मना किया तो उसने गाली गलौज किया और वीडियो बनाते देखकर मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया।
==
इस संबंध में अभी कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। फिर भी मामलें की जांच करवाता हूं।
- कुलदीप कुमार सीओ तालबेहट