- शिकायतों का समाधान शीघ्र न होने पर धरना प्रदर्शन करने की रूपरेखा बनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ललितपुर (संबंध अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ नई दिल्ली) की जनपद इकाई की बैठक सोमवार को बीआरसी केंद्र जखौरा सभागार में हुई। जिसमें कार्यसमिति द्वारा विभिन्न निर्णय लेते हुए प्रस्ताव पास किए गए। वित्त एवं लेखा अधिकारी स्तर पर प्राप्त हुई विभिन्न शिकायतों का समाधान शीघ्र न होने पर वित्त एवं लेखाधिकारी के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने की रूपरेखा तैयार की गई। जिलाध्यक्ष विनोद निरंजन ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर अनिवार्य रूप से प्रत्येक माह बैठक आयोजित करें। शिक्षकों की ब्लॉक स्तर की समस्याओं का समाधान ब्लॉक स्तर से करें। ब्लॉक स्तर से निराकरण नहीं होने पर लिखित रूप से जिला कार्यसमिति को दें। इसके साथ विशेष सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक सदस्य बनाकर सदस्यता राशि जमा कराएं। जिला महामंत्री शकुंतला कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक स्तरीय बैठक में दो जिला स्तरीय पदाधिकारी जरूर उपस्थित रहे। प्रत्येक संकुल स्तर पर संकुल प्रभारी नियुक्त करते हुए संकुल स्तर पर बैठक आयोजित करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी जिला या ब्लॉक पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहता है तो उसे पद मुक्त किया जा सकता है। मड़ावरा ब्लॉक मंत्री की लगातार निष्क्रियता के कारण उनके स्थान पर राजेश निरंजन सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय नाराहट को ब्लॉक मड़ावरा का मंत्री नियुक्त किया गया। बैठक के दौरान अनिल त्रिपाठी, अरुण निरंजन, विनय ताम्रकार, प्रशांत राजपूत, सत्येंद्र जैन, राम रक्षपाल सिंह, विनय रजक, इंदर सिंह पटेल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।