संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अजीमुश्शान हजरत बाबा सदनशाह रहमत उल्ला अलैह के 106वें उर्स की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, एसडीएम सदर चन्द्र भूषण प्रताप सिंह, सीओ सदर अभय नारायण राय ने निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने उर्स कमेटी के साथ बैठक कर तैयारियों के बारे में जानकारी ली। महासचिव मोहम्मद नसीम ने व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए। इस दौरान थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण, यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी, सिविल लाइन चौकी इंचार्ज विवेक धामा, उर्स कमेटी सदर हाजी बाबू बदरुद्दीन कुरैशी, नायब सदर अब्दुल रहमान कल्ला आदि मौजूद रहे।
-
होगा वाहनों का रूट डायवर्जन
सालाना उर्स को लेकर यातायात पुलिस ने एक रूट प्लान तैयार किया है। वाहनों का रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात प्रभारी आलोक तिवारी ने बताया कि सदनशाह चौराहे से तहसील तिराहा तक नो ट्रैफिक जोन रहेगा। 31 मार्च की देर रात से सदनशाह से बुढ़वार रोड पर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। बुढ़वार जाने वाले भारी वाहन स्टेशन से होकर निकलेंगे। इसके साथ वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। अभिलाषा चौराहे से आने वाले वाहनों को श्रीप्रकाश इन होटल पुराने बस स्टैंड के पास पार्क कराया जाएगा। घुसयाना से आने वाले वाहन जीटीसी ग्राउंड, सिद्दन से आने वाले वाहन एसडीएस स्कूल के पास, वर्णी चौराहे से आने वाले वाहन बीएसपी कार्यालय के पास रिमझिम गार्डन और फूटा बंगला में पार्क कराए जाएंगे। इन स्थानों पर यातायात पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे।
मुशायरा व कव्वाली पेश करने के लिए आएंगे नामी गिरामी शायर
मुशायरा का आयोजन 31 मार्च को होगा, प्रमुख शायरों में अबरार क़ासिम जौहर कानपुरी, इक़बाल अजहर देहलबी शकील आरिफी फरुखाबाद, कमल वर्मा शाहिद अंजुम हिमाचल प्रदेश, राजीव रियाज प्रतापगढ़ी, अबरार दानिश मोहदबी शकील झाँसबी, वसीम झंझॉनबी शामिल रहेंगे। एक अप्रैल को कव्वाल आफ़ताफ हाशमी सावरी ब्रदर्स, दो अप्रैल को सरफराज चिश्ती संभल मुरादाबाद, तीन अप्रैल को शाकिव अली मेरठ शिरकत करेंगे। हर वर्ष की भांति चार अप्रैल को होने वाली इज्तिमाई शादियों की तारीख में रमजान मुबारक शुरू होने से परिवर्तन किया गया है। अब 14 अप्रैल को इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।