संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंचने शुरू हो गए हैं। प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों पर डबल लॉकर में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। उक्त प्रश्नपत्र चौबीस घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगे।
22 फरवरी को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा 50 केंद्रों पर शुरू हो रही है। इस बार हाईस्कूल में 21400 और इंटरमीडिएट में 14662 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी। परीक्षा कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराया जा चुका है। परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए 12 जोनल, 18 सेक्टर व 50 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित कर दिए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाएं केंद्रों तक पहुंचा दी गई है। अब सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज से अपर उप जिलाधिकारी श्रीराम यादव की निगरानी में प्रश्नपत्र सभी 50 परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए गए। इन प्रश्नपत्रों को स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक के सामने डबल लॉकर में रखवाया गया। इनकी निगरानी कंट्रोल रूम के जरिए की जा रही है। इसके साथ डबल लॉकर के बाहर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस कर्मी चौबीस घंटे यहां तैनात रहेंगे।
प्रश्नपत्रों को अपर उप जिलाधिकारी की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचा दिया गया है। प्रश्नपत्रों को स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व सहायक केंद्र व्यवस्थापक के सामने सीसीटीवी कैमरे से लैस डबल लॉकर में रखवा दिया गया है। यहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस भी तैनात है।
ओमप्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक