ललितपुर। विवि परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। पहले दिन 30 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं नेहरू महाविद्यालय में परीक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य डा.अवधेश अग्रवाल ने बताया कि सोमवार से महाविद्यालय में बीए द्वितीय, बीएससी एग्रीकल्चर, बीकॉम, एलएलबी, बीएएलएलबी, बीएससी द्वितीय वर्ष बॉटनी, मैथ, एमकॉम प्रथम वर्ष विषय की परीक्षाओं का संचालन हुआ, जिसमें पहली पाली में 1032 परीक्षार्थियों में से 1007 उपस्थित एवं 25 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 114 में से 112 उपस्थित एवं 02 अनुपस्थित और तीसरी पाली में 73 में से 70 उपस्थित एवं 03 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहले दिन की परीक्षाओं में कुल 1189 परीक्षार्थियों ने परीक्षाएं दी, जबकि कुल 30 परीक्षार्थियों ने परीक्षाएं छोड़ दीं।
वहीं महाविद्यालय के तुलसी सभागार में परीक्षा समिति की बैठक प्राचार्य डा.अवधेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें निर्णय लिया गया कि परीक्षार्थियों को प्रवेश द्वार पर चेकिंग के बाद महाविद्यालय परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। कोविड संक्रमण से बचाव को मास्क एवं सैनेटाइजर परीक्षार्थी के पास अनिवार्य होंगे। छात्र/छात्राओं की चेकिंग के लिए दो अलग-अलग उड़नदस्तों का गठन किया गया।
प्राचार्य ने बताया कि बीए प्रथम, द्वितीय, तृतीय, बीएस-सी,(मैथ, बायो) प्रथम,द्वितीय, तृतीय, बीएस-सी कृषि विषम सेमेस्टर, एमएस-सी. कृषि, एमए समस्त विषय, बीएएलएलबी, एलएलबी., बीसीए, बीबीए आदि विभिन्न संकायों में 7000 परीक्षार्थियों की परीक्षायें 28 मार्च से 31 मई तक होनी हैं।
परीक्षाओ को सुचारू एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा डॉ. ओमप्रकाश शास्त्री को अतिरिक्त केंद्राध्यक्ष एवं डॉ. आशा साहू, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. अनिल सूर्यवंशी को सहायक केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र नहीं मिला है तो ऐसे विद्यार्थी सुबह 11 से दो बजे के मध्य प्रवेश द्वार पर महाविद्यालय के लिपिक से अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर लें। बैठक में डॉ.संजीव शर्मा, डॉ. सूबेदार यादव, डॉ. सुभाष जैन, डॉ. सुधाकर उपाध्याय, डॉ.रामकुमार रिछारिया, डॉ. रिचा राज सक्सेना, डॉ. दीपक पाठक, डॉ. प्रीति सिरौठिया, डॉ. राजीव निरंजन, कविता पैजवार, श्वेता आनंद, डॉ. अमित सोनी, डॉ. लक्ष्मीकान्त मिश्रा, डॉ. अरिमर्दन सिंह, डॉ. अवनीष त्रिपाठी, डॉ. जगत कौशिक, डॉ. गीरेंद्र सिंह, इंजी सौरभ श्रीवास्तव, धीरेंद्र तिवारी, डॉ. बलराम द्विवेदी, डॉ. अनूप दीक्षित, विवेक पाराशर, फहीम बख्श, अंकित चौबे उपस्थित रहे।