ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के बाहर सदनशाह चौराहे के समीप बने यात्री प्रतीक्षालय में बृहस्पतिवार की सुबह करीब 60 वर्ष का एक व्यक्ति अचेतावस्था में पड़ा हुआ मिला। आसपास के लोगों ने उसे हिलाया-ढुलाया, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। इस पर लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों को मौके पर बुलाकर पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन किसी ने भी उसे पहचानने से इंकार कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। लोगों ने बताया कि उक्त व्यक्ति प्रतीक्षालय में रहता था और यहां-वहां मांगकर खाता था। पुलिस अज्ञात वृद्ध की शिनाख्त करने में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।