पाली/ललितपुर। नगर में अघोषित विद्युत कटौती के चलते लोगों का जीना दूभर हो गया है। सुबह से ही बिजली की आंख मिचौनी शुरू हो जाती है, जो दिनभर चलती रहती है। रात के समय में भी लाइट की कटौती से नागरिकों की नींद हराम कर रही है। गर्मी के इस मौसम में बिजली कटौती के चलते घरों व दुकानों में लगे विद्युत पर आधारित उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। बृहस्पतिवार को बिजली की जमकर कटौती हुई। इससे पहले मंगलवार व बुधवार को भी सुबह से शाम तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही थी। बिजली को लेकर नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुरा हाल है। शाम होते ही लोगों को अंधेरे की समस्या से जूझना पड़ता है। ऐसे में लोग विद्युत अधिकारियों को कोसते रहते हैं। लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति विभागीय मोबाइल पर बिजली आने की जानकारी लेना चाहे तो अधिकारी व कर्मचारी फोन नही उठाते हैं। इस कारण लोगों को बिजली के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। बृहस्पतिवार को भी यही हाल रहा। जिसे लेकर उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई। वहीं, जेई विद्युत को फोन लगाया तो उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।