तालबेहट(ललितपुर)। तालबेहट क्षेत्र के ग्राम कड़ेसराकलां में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार मामा भांजे को टक्कर मार दी। जिससे मामा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तालबेहट अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
थाना बार क्षेत्र के ग्राम बरौंदाडांग निवासी राहुल रैकवार (25) पुत्र कल्लू मंगलवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे अपने मामा ग्राम पवा निवासी कमलेश रैकवार (40) के साथ बाइक से पवा जा रहा था। कड़ेसराकलां के पास हाईवे पर ललितपुर की ओर से आ रहे केमिकल से भरे एक टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार मामा कमलेश रैकवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भांजा राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर तालबेहट प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंच गए और घायल हो एंबुुलेंस बुलाकर तालबेहट अस्पताल पहुंचाया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद