संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आमने सामने से बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कस्बा पाली निवासी सौरभ कुशवाहा (18) सोमवार शाम को शिवेंद्र (25) निवासी ग्राम कैथोरा के साथ सिमरधा में टेंट लगाकर कस्बा पाली लौट रहे थे। उनकी बाइक ग्राम सिमरधा व खाईखेड़ा के मध्य पहुंची थी, तभी सामने से आ रही बाइक भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर नाथूराम (50) और सौरभ (20) निवासी ग्राम डोंगराकलां सवार थे। हादसे में दोनों बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को डायल-112 व 108 एंबुलेंस से बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने सौरभ कुशवाहा निवासी कस्बा पाली व सौरभ निवासी ग्राम डोंगराकलां को मृत घोषित कर दिया। जबकि नाथूराम व शिवेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक व घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे। थाना पाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि घायलों को भर्ती कराया गया है।