संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट करने और साथी शिक्षकों से अभद्रता करने वाली दो शिक्षिकाओं को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। जांच खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंप दी है।
बीएसए को छह अगस्त को ग्राम प्रधान महेशपुरा ने एक शिकायती पत्र दिया था। गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक प्रेमलता जैन पर बच्चों के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए थे। यह भी बताया था कि शिक्षिका प्रेमलता बच्चों को डराती धमकाती हैं।
विद्यालय की कक्षा 8वीं की छात्रा से मारपीट की गई थी। उसकी आंख में चोट आई थी। अन्य बच्चों संग भी मारपीट व गाली गलौज करने के आरोप लगाए थे। बीएसए रणवीर सिंह ने इसकी जांच कराई। जांच में पाया गया कि सहायक अध्यापिका प्रेमलता बच्चों से अपने बालों को बंधवाती हैं। कुर्सियों पर खड़े कर ब्लैकबोर्ड पर लिखवाती हैं और बच्चों से अपने लिए पंखे से हवा करवाती हैं। बीएसए ने सहायक अध्यापिका प्रेमलता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिरसी में तैनात सहायक अध्यापिका मनोरमा यादव पर भी साथी कर्मचारियों से अभद्रता और लड़ाई-झगड़ा करने व स्कूली बच्चों से मारपीट करने की शिकायत हुई थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर बीएसए ने मनाेरमा यादव को भी निलंबित कर दिया। जांच खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंप दी है।
प्रधान सहित गांव वालों ने लगाए थे आरोप : महेशपुरा के प्रधान सहित गांव के लोगों और स्कूली बच्चों ने सहायक अध्यापिका प्रेमलता पर जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने, विद्यालय का माहौल खराब करने का आरोप लगाया था। -
आत्महत्या कर स्टाफ को फंसाने की देती थी धमकी : दूसरी निलंबित की गई पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिरसी की सहायक अध्यापिका मनोरमा यादव पर आरोप थे कि वह स्टाफ के साथ अकारण गाली गलौज और अभद्रता करती है। झूठे आरोप लगाकर विवाद करना, बिना किसी कारण सप्ताह में दो बार पुलिस बुलाने, विद्यालय में आत्महत्या करने और स्टॉफ को फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए थे।
-
दोनों सहायक अध्यापिकाओं की शिकायत आई थी। आरोपों की जांच कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर दोनों सहायक अध्यापिकाओं को निलंबित कर दिया गया है।
रणवीर सिंह, बीएसए