मड़ावरा। कस्बे की सिद्ध टौरिया मंदिर पर धूनी रमाए बैठे दो साधुओं पर शुक्रवार रात बिजली गिर गई, इससे उसकी चपेट में आकर वह झुलस गए। ग्राम बम्होरीकलां निवासी बाबा खलक सिंह पुत्र बसोरे और मड़ावरा निवासी बाबा प्रीतम पुत्र अमान विश्वकर्मा सिद्ध टौरिया मंदिर के पुजारी हैं, जो वहीं कुटी में रहते हैं। देर रात बिजली गिरने से दोनों झुलस गए और रात भर बेसुध पड़े रहे। सुबह जब श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के लिए गए तो दोनों साधुओं को पड़ा देखा। स्थानीय निवासी गोकुल विश्वकर्मा ने बताया कि साधुओं को हिलाया-डुलाया तो होश में आए और उन्होंने आपबीती बताई। गोकुल विश्वकर्मा, राजू पाल, सुनील सोनी समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से साधुओं को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।