संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लोन दिलाने के नाम पर रुपये हड़पने और मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ दर्ज किया है।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम मैनवार निवासी गनेश ने पुलिस को बताया कि कुछ माह पूर्व राहुल अहिरवार निवासी ग्राम दिगौड़ा जनपद टीकमगढ़, मध्य प्रदेश ने उसे लोन दिलाने का लालच दिया था। आरोपी ने उससे दो अगस्त 2023 को फोन पे के माध्यम से एक लाख व आठ अगस्त को एक लाख रुपये नकद लिए थे। जब उसने अपने दिए हुए रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत उसने टीकमगढ़ और बिरधा चौकी सहित पुलिस अधीक्षक से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।