हार्वेस्टर की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौत
ललितपुर। थाना मड़ावरा अंतर्गत मड़ावरा व साढ़ूमल के बीच हार्वेस्टर की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार को दिन में करीब सवा बजे ग्राम साढ़ूमल निवासी जितेंद्र रजक (28) पुत्र मलखान अपने चचेरे भाई सुखपाल (25) के साथ मड़ावरा से अपने गांव साढ़ूमल की ओर बाइक से लौट रहे थे। अभी वह मड़ावरा और साढ़ूमल के बीच ही पहुंचे थे कि ग्राम साढ़ूमल से मड़ावरा की ओर तेज गति से जा रहे हार्वेस्टर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख हार्वेस्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। दुर्घटना देख राहगीरों ने इसकी जानकारी मड़ावरा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि, हार्वेस्टर को कोतवाली रखवा दिया गया है। इसमें मृतक जितेंद्र के एक पुत्र व पुत्री है, जबकि मृतक सुखपाल के एक पुत्री है। दोनों भाई हैंडपंप रिपेयरिंग का काम करते थे।