ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र अंतर्गत अमझराघाटी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार एक युवक व चाची को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मध्य प्रदेश के जिला रायसेन के थाना बेगमगंज अंतर्गत ग्राम ऊमरखोए निवासी रूपेश (24) पुत्र कैलाश कुशवाहा दो दिन पहले अपनी चाची रचना के साथ उनके मायके ललितपर के थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम मकरीपुर बस से आया था। बीते रोज बृहस्पतिवार को दोपहर में वह मकरीपुर से बाइक से चाची को लेकर अमझराघाटी के मंदिर दर्शन करने को गया और मंदिर से जब वह लौट रहा था, तो अमझराघाटी तिराहा पर ही सड़क पार करते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रूपेश और उसकी चाची दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर अमझराघाटी पुलिस चौकी ने मौके पर पह़ुंचकर 108 एंबुलेंस को बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने रूपेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि चाची रचना का उपचार चल रहा है। रूपेश के चाचा राजाराम ने बताया कि मृतक अविवाहित था और वह दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था एवं मजदूरी करता था।