ललितपुर। रेलवे द्वारा बिजरौठा से बबीना के बीच तीसरी रेल लाइन तैयार होने के बाद अब यहां ओएचई लाइन भी तैयार कर ली गई है। अब जल्द ही इस रेल लाइन पर इलेक्ट्रिक ट्रेन भी दौड़ सकेंगी।
रेलवे झांसी से बीना के बीच पांच चरणों में तीसरी रेल लाइन का निर्माण कार्य करा रहा है। अभी तक इसमें झांसी से बबीना, बबीना से बिजरौठा और बिजरौठा से ललितपुर के मध्य तीसरी रेल का काम पूरा हो गया है। अब यहां ओएचई लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं बिजरौठा से तालबेहट, बसई, बुढ़पुरा एवं बबीना के मध्य रेल लाइन पर ओएचई लाइन के तार खंभा लगाने व अन्य काम भी पूरा कर लिया है। अब जल्द ही ओएचई लाइन को रेलवे द्वारा ऊर्जीकृत किया जाएगा।
इसके लिए रेलवे द्वारा बिजरौठा से बबीना के मध्य बिछाई गई ओएचई लाइन को अब 25 दिसंबर को सिंगल फेस से ऊर्जीकृत किया जाएगा। इस बीच में पड़ने वाले सभी रेल क्रॉसिंग के फाटकों पर समतल से 5.50 मीटर की ऊंचाई रखी गई है और रेलवे द्वारा 4.78 मीटर की ऊंचाई पर सड़क की सतह से 4.78 मीटर की ऊंचाई पर गेजें भी लगाई गई हैं, ताकि इन ओएचई तारों के संपर्क में आने से रोका जा सका। रेलवे द्वारा इसके लिए चेतावनी भी जारी की गई है कि रेलवे द्वारा इस ओएचई लाइन को 25 दिसंबर को ऊर्जीकृृत किया जा रहा है। यह लाइन करीब 33 किलोमीटर की लंबाई में बिजरौठा से बबीना के मध्य बिछाई गई है। इस लाइन के ऊर्जीकृत होने के बाद अब लाइन पर भी इलैक्ट्रिक इंजन से ट्रेन चल सकेंगीं।
बिजरौठा से बबीना के मध्य तीसरी रेल लाइन का ओएचई लाइन बिछानने का काम पूरा हो गया है। इस लाइन को 25 दिसंबर को ऊर्जीकृत किया जाना है। - मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।