ग्राम करमरा निवासी सुरेश अहिरवार के पैतृक ग्राम पड़ना थाना नाराहट में सोमवार को कथा का आयोजन किया जा रहा था। सुबह 10 बजे सुरेश अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ ग्राम अंडेला निवासी अपने मामा भरोसे के ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर ग्राम पड़ना की ओर रवाना हुए। ट्रैक्टर सुरेश का ममेरा भाई जानकी चला रहा था। ग्राम करमरा और ठगारी गांव के बीच स्थित मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार सुरेश की मां सिरदार दुलैया (68 वर्ष) पत्नी कंछेदी अहिरवार और सिरदार दुलैया की डेढ़ वर्षीय पोती रागनी पुत्री धनीराम अहिरवार व एक वर्षीय साधना पुत्री विनय की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर- ट्राली में सवार गोविंददास (35 वर्ष) पुत्र सुंदर लाल, तारा (40 वर्ष) पत्नी श्रीराम, जयकुमार (14 वर्ष) पुत्र गोरेलाल, गुलाब रानी (40 वर्ष) पत्नी गोरेलाल, विद्या (22 वर्ष) पत्नी जगभान, अशोक (25 वर्ष) पुत्र हजारी, श्रीराम (40 वर्ष) पुत्र कंछेदी, विनीता (25 वर्ष) पत्नी दीपचंद निवासीगण ग्राम करमरा एवं जानकी (36 वर्ष) पुत्र भरोसे निवासी ग्राम अंडेला घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए पीएचसी बिरधा भिजवाया, जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में तारा एवं श्रीराम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। नायब तहसीलदार अवधेश कुमार निगम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।