बारिश से बढ़ गया पानी, सुरक्षा के नहीं हैं इंतजाम, आने-जाने का रास्ता भी दुर्गम
अमर उजाला ब्यूरो
डोंगराखुर्द (ललितपुर) । जनपद में कनकद्दर और च्यवन जलप्रपात पर इन दिनों खूबसूरत नजारे लोगों को अपनी तरफ खींच रहे हैं। लेकिन यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। उधर, बारिश के चलते पानी बढ़ने से यहां अनहोनी से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है।
गौना वन क्षेत्र अंतर्गत यूपी-एमपी सीमा के पास जंगल में स्थित जलप्रपात कनकद्दर इस समय सैलानियों के लिए आकर्षण का का केंद्र बना हुआ है। लोग यहां आकर पानी में नहा रहे हैं, सेल्फी ले रहे हैं। लेकिन, क्षेत्र में जोरदार बारिश होने के कारण जलप्रपात से पानी ज्यादा गिर रहा है। उधर, इस खूबसूरत स्थान तक पहुंचने के लिए लोगों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है, क्योंकि डोंगराखुर्द से होकर जाने वाला रास्ता दलदल भरा है।
दूसरा रास्ता हाईवे से मध्य प्रदेश के मालथौन होकर जाता है। इस वजह से यहां आने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। तत्कालीन जिलाधिकारी आलोक सिंह ने सुरक्षा एवं रास्ते की मरम्मत के लिए पहल की थी लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हो सका।
सेल्फी लेने के दौरान होते हैं हादसे
सेल्फी लेने और यहां नहाने के चक्कर में यहां कई बार हादसे हो चुके हैं। 8 अगस्त को मध्य प्रदेश के बीना से आए चार दोस्तों के साथ स्नान के दौरान एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई थी। गोताखोरों ने 36 घंटे बाद उसका शव निकाला था। वहीं, 13 अगस्त को बंट स्थित च्यवन जलप्रपात में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से एक युवक की मौत हो गई थी।
दूसरे दिन उसका शव बरामद हुआ था। वहीं, बारिश से बचने के लिए कनकद्दर जलप्रपात के पास कोई टिन शेड नहीं है। ग्रामीण भूप्रताप सिंह ने कहा कि जलप्रपात पहुंचने के लिए सुगम रास्ता नहीं है। दुर्ग सिंह ने कहा कि यहां कोई जन सुविधाएं नहीं हैं। सुरक्षा के इंतजाम न होने से हादसे भी होते रहते हैं।
बरसात निकलने के बाद यूको प्रोजेक्ट बनाकर रास्ता बनवाया जाएगा और कनकद्दर जलप्रपात के आसपास सुरक्षा के इंतजाम कराए जाएंगे, जिससे दुर्घटनाएं न हों।
-गौतम सिंह, डीएफओ